जोगिंद्रनगर की मच्छयाल खड्ड में फंसे लोहे के गाडर। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मच्छयाल खड्ड में प्रशासन की ओर से प्रतिबंध के बावजूद पानी के तेज बहाव में युवा अठखेलियां कर जान जोखिम में डाल रहे हैं।
ऊंची चट्टानों से छलांग लगा रहे युवाओं को शनिवार को फिर पुलिस ने सतर्क कर चेताया। इसके बावजूद पानी के तेज बहाव वाली खड्डों में मौज मस्ती का सिलसिला जारी है। ऐसे में हादसे होने की आशंका को देखते हुए पुलिस की भी तैनाती करनी पड़ी है। हैरत की बात है कि प्रशासन की सख्ती के बाद भी लोग खड्ड में डुबकियां लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। पिछली बरसात में मच्छयाल खड्ड में निर्माणाधीन पुल की शटरिंग बहने से यहां लोहे के गाडर फंसे हैं। ये पानी में डुबकियां लगाने वालों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। प्रशासन ने यहां पर डुबकियां लगाने के लिए प्रतिबंध लगाया है। चेतावनी बोर्ड लगाने के अलावा पुलिस की टीमें कई बार पैट्रोलिंग कर युवाओं को सतर्क भी कर रही है। इसके बावजूद मच्छयाल खड्ड में मौज-मस्ती का यह सिलसिला जारी है।
एसडीएम ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से सतर्कता बढ़ाते हुए लोगों को खड्डों से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया है।