नागरिक अस्पताल गोहर में आयोजित आरकेएस की बैठक में भाग लेते अधिकारी।
- फोटो : Mandi
...
गोहर सिविल अस्पताल में दांतों
का इलाज, एंबुलेंस सेवा महंगी
रोगी कल्याण समिति की बैठक में आरसीटी का 50 रुपये बढ़ाया शुल्क
दंत चिकित्सा विभाग में डिजिटल डेंटल एक्सरे की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। महंगाई के दौर में नागरिक चिकित्सालय गोहर में दांतों के इलाज और एंबुलेंस सेवा के लिए रोगियों को जेब ढीली करनी होगी। एक दाढ़ का रूट कनाल ट्रीटमेंट (आरसीटी) अब 200 के बजाय 250 रुपये में होगा। अस्थायी फिलिंग और एक दांत निकालने का शुल्क 10 से बढ़ाकर 20 कर दिया गया है। माइनर सर्जिकल प्रोसिजर में प्रति दांत के 50 के बजाय अब 100 रुपये लगेंगे। वहीं, एंबुलेंस के किराए में प्रति किलोमीटर तीन रुपये की बढ़ोतरी की है। पहले 13 रुपये प्रति किलोमीटर किराया वसूल किया जाता था अब प्रति किलोमीटर के 16 रुपये अदा करने होंगे। वीरवार को नागरिक चिकित्सालय गोहर की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक में यह निर्णय लिए गए हैं। बैठक की अध्यक्षता आरकेएस अध्यक्ष एवं एसडीएम गोहर रमण कुमार शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि अब हेपेटाइटिस सी टेस्ट शुरू किया गया। बैठक में दंत चिकित्सा विभाग में डिजिटल डेंटल एक्सरे सुविधा शुरू करने की अनुमति प्रदान की। रोगी कल्याण समिति के सचिव डॉ. कुलदीप शर्मा ने बताया कि वर्ष 2022-2023 की कुल आय 19,90,000 तथा अनुमानित व्यय 23,93,041 रुपये रहेगा। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी बगस्याड डॉ. नीलम शर्मा, खंड विकास अधिकारी बशीर खान, जिला परिषद उपाध्यक्ष मुकेश चंदेल, बीडीसी सदस्य नरोत्तम राम, गोहर पंचायत की प्रधान अमरा देवी मौजूद रहीं। गोहर सिविल अस्पताल में 150 से 200 तक की रोजाना ओपीडी रहती है।
000