सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद ने क्षेत्रीय प्रबंधक से की मुलाकात
सरकाघाट (मंडी)। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद ने बुधवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सरकाघाट राज कुमार धीमान से मुलाकात की। उन्हें सरकाघाट और धाड़ता क्षेत्र के लिए बस सेवा शुरू करवाने बारे एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकाघाट उपमंडल के लिए पर्याप्त बसें चलाना, चालकों-परिचालकों के रिक्त पदों को भरना, पपलोग ड्राइविंग स्कूल में प्रधानाचार्य का पद भरना और धर्मपुर व सरकाघाट बस डिपो के लिए अलग से क्षेत्रीय प्रबंधक रखने की मांग उठाई गई। सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि शाम साढ़े पांच बजे सरकाघाट से चोलथरा वाया सधोट चलने वाली बस को अवाहदेवी तक चलाया जाए। इसी बस को अवाहदेवी से शाम सात बजे सरकाघाट तक तथा सरकाघाट से शाम साढ़े सात बजे पीएम अवाहदेवी, टिहरा तक चलाने की मांग की गई। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक को विकल्प दिया कि दिल्ली-हमीरपुर बस सेवा को पहले की तरह सरकाघाट तक बहाल किया जाए। संवाद