जिला पंचायत अधिकारी मंडी को प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नेताजी सुभाष ग्रामीण विकास समिति तांदी के प्रतिनिधि वीरवार को जिला पंचायत अधिकारी मंडी से मिले और नवगठित तांदी ग्राम पंचायत में प्रधान पद को अनारक्षित घोषित करने की मांग की। समिति अध्यक्ष लाभ सिंह जम्बाल ने बताया कि पूर्व में यह पद लगातार महिला और अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित रहा है, जबकि पुरुष मतदाता संख्या अधिक है। समिति ने कहा कि लगातार महिला आरक्षण के कारण अन्य वर्गों और पुरुष उम्मीदवारों को प्रतिनिधित्व का मौका नहीं मिला। उन्होंने विभाग के ध्यान में लाया कि पूर्व में रही ग्राम पंचायत जनेड (जिससे अलग होकर तांदी बनी है) में प्रधान पद वर्ष 2005 से 2010 और फिर 2010 से 2015 तक लगातार महिला वर्ग के लिए आरक्षित रहा था। इसके बाद वर्ष 2020 से 2025 तक यह पद अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित रहा। वर्तमान रोस्टर के अनुसार, नवगठित पंचायत तांदी के प्रधान पद को फिर महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इस अवसर पर अध्यक्ष के साथ जवाहर सिंह, राजेंद्र कुमार, और भवानी सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।