सुंदरनगर (मंडी)। टेट प्रभावित शिक्षकों के मुदों और आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श के लिए रविवार को नई दिल्ली में बैठक आयोजित होगी। इसमें भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश टेट प्रभावित शिक्षक मोर्चा का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष नरेश ठाकुर की अध्यक्षता में दिल्ली को रवाना हुआ। उनके साथ हितेंद्र साहसी, अशोक शर्मा, हरमेश लाल और खेम चंद महंत शामिल होंगे।राष्ट्रीय बैठक में विभिन्न राज्यों के टेट प्रभावित शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक में न्यायालय के निर्णयों, वर्तमान स्थिति, कानूनी पहलुओं और आगे के राष्ट्रीय आंदोलन पर विस्तृत चर्चा होगी। रवाना होने से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह केवल हिमाचल का नहीं, बल्कि पूरे देश के हजारों टेट प्रभावित शिक्षकों के भविष्य, सेवा सुरक्षा और न्याय से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का प्रतिनिधिमंडल बैठक में राज्य के टेट प्रभावित शिक्षकों की समस्याओं और सुझावों को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से रखेगा। संवाद