सरकाघाट (मंडी)। क्षेत्र की बाग पंचायत के चम्यार गांव में रसोई घर में अचानक सिलिंडर में आग लग जाने से एक महिला झुलस गई। महिला को तुरंत नागरिक अस्पताल सरकाघाट लाया गया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। इस घटना में रसोईघर में रखा पूरा सामान राख हो जाने से हजारों रुपये की क्षति हुई है। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मौके पर आग पर काबू पाया और महिला को सुरक्षित निकाला। जानकारी के मुताबिक सुबह के समय महिला लीला देवी निवासी चम्यार जब रसोईघर में आग जलाने के बाद खाली सिलिंडर को बदल रही थी तो अचानक सिलिंडर ने आग पकड़ ली। इसके बाद देखते ही देखते ही रसोईघर में भी आग फैल गई। आग की लपटों से महिला भी झुलस गई। लोगों को पता चला तो सभी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड के साथ आग पर काबू पाया। उधर, एसडीएम स्वाति डोगरा ने बताया कि आग की घटना में महिला करीब 30 प्रतिशत झुलसी है, फौरी राहत प्रदान की गई है। वहीं, घटना में हुए नुकसान का आकलन करने के बाद नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी।