अनुषा जोशी जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्व विद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है, जहां से भविष्य के नेता, नवप्रवर्तक और जिम्मेदार नागरिक तैयार होते हैं। जिस युवा के मन में प्रश्न और जिज्ञासा नहीं होती, वह आगे चलकर नेतृत्व की भूमिका नहीं निभा सकता। विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह अपने मन में उठने वाले प्रश्नों को दबाएं नहीं, बल्कि खुलकर पूछें और समाधान खोजने का प्रयास करें। जिज्ञासा ही ज्ञान और नवाचार की पहली सीढ़ी है। बुधवार को सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आपातकाल के 50 वर्ष, भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में कुमारी अनुषा जोशी प्रथम, कुमारी नीतिका ठाकुर द्वितीय, अभिषेक तृतीय स्थान पर रहे। चयनित प्रतिभागी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिला मंडी का प्रतिनिधित्व करेंगे।