टकोली और छतरी में चोरों ने बीती रात मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नगवाईं क्षेत्र के टकोली में तीन मंदिरों में चोरी की पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। जबकि सराज क्षेत्र के सराज घाटी के मगरू महादेव के मंदिर छतरी में हुई चोरी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीती रात चोरों ने जिला के टकोली व छतरी में कई मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। टकोली क्षेत्र के लक्ष्मी नारायण, देव जरासंध, माता बगलामुखी में चोरी का प्रयास किया। चोरों ने मंदिर की अलमारियों को तोड़ कर दान पात्र भी ले गए। कुछ ही दूरी पर दानपात्र बरामद हुए हैं। सोमवार सुबह चोरी का पता लगते ही हड़कंप मच गया। हालांकि मंदिर कमेटी की ओर से औट थाना में चोरी की शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।
उधर, चोरों ने सराज क्षेत्र के मगरू महादेव मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह पुजारी जब पूजा करने मंदिर आए तो उसने एक जगह से दानपात्र गायब व दूसरा दानपात्र टूटा हुआ पाया। पुजारी ने इस घटना की सूचना तुरंत ग्राम पंचायत छतरी के प्रधान अजीत राणा व मंदिर कमेटी को दी।
उन्होंने मंदिर में हुई इस घटना की शिकायत पुलिस चौकी जंजैहली में दर्ज करवाई। पुलिस चौकी प्रभारी गोपाल ठाकुर अपने पुलिस दल सहित छतरी पहुंचे और छानबीन शुरू की। मंदिर कमेटी व प्रधान ग्राम पंचायत छतरी ने बताया कि लगभग 20 से 25 हजार रुपए अनुमानित दानपात्र में थे।