शिवरात्रि महोत्सव के सांस्कृतिक संध्याओं में बॉलीवुड, पंजाबी समेत हिमाचली लोक कलाकार धमाल मचाएंगे। वहीं, दिन के समय स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर दर्शकों को मनोरंजन करेंगे। इस दौरान सामूहिक क्रियाएं और मनोरंजन खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत आठ से 14 मार्च तक विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों को कार्यक्रम में भाग लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
नौ मार्च को सुबह 11 से एक बजे तक पड्डल मैदान में माध्यमिक पाठशालाओं की लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी। इस कार्य की अवधि आठ से 10 मिनट तक होगी। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला मंडी, ब्यॉज स्कूल मंडी, राजकीय मिडिल स्कूल पड्डल, गुरू गोबिंद स्कूल पड्डल, रामापा पुरानी मंडी, अल्पाइन स्कूल, बिपाशा पब्लिक स्कूल, अरूण सरस्वती पब्लिक स्कूल समखेतर, दिव्य ज्योति, स्वामी विवेकानंद, आर्य समाज, एसवीएम महाजन बाजार, अरूणोदय जेल रोड, इंडस, तक्षशीला, एनसी मॉडल स्कूल, मंडी पब्लिक, मोनाल स्कूल, सनातन धर्म विद्या मंदिर, एंग्लो संस्कृत मॉडल स्कूल और उजाला पब्लिक स्कूल तल्याहड़ शामिल रहेंगे।
10 व 11 मार्च को सुबह 11 से एक बजे तक पड्डल मैदान में प्राथमिक पाठशालाओं के लिए लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी। जबकि 12 व 13 मार्च को प्री-प्राइमरी व नर्सरी पाठशालाओं के लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी। इसमें मनोरंजन के लिए स्कूली खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसमें नौ मार्च को नर्सरी, प्री नर्सरी और प्रथम कक्षा के छात्र व छात्रा की दौड़ 25 मीटर, द्वितीय गुब्बारा दौड़ फूंक मारकर आगे पहुंचाना 20 मीटर, 11 मार्च को तृतीय कक्षा के लिए उल्टी दौड़ 25 मीटर, चतुर्थ कक्षा के लिए तीन टांग दौड़ 25 मीटर, पांचवी कक्षा के डैसअप दौड़ 25 मीटर, 12 मार्च को छठी कक्षा की रस्सी कुदना और सातवीं कक्षा द्वारा पांच गुब्बारे फुलाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक केडी शर्मा ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव में सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिता को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं।