चोलथरा पंचायत के लटेहड़ा गांव में दिनदहाड़े एक घर से चोर लाखों के जेवरात व एक लाख नकदी ले उड़े। चोरी की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही सरकाघाट पुलिस ने मौके का मुआयना कर चोरों की धर पकड़ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चोरी के वक्त घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। घर के मालिक राजेंद्र अपनी पत्नी के साथ शनिवार को रोपड़ी पंचायत के गध्याड़ा गांव में रिशतेदार के घर शादी में शरीक होने गए थे। रात को वह अपने रिश्तेदार के घर पर ही रूक गए। उन्होंने घर की रखवाली के लिए महिला रिश्तेदार को अपने घर पर रखा था। रविवार सुबह महिला गेंहू की कटाई करने के लिए छह बजे खेतों में चली गई। जब महिला करीब दस बजे के राजेंद्र के घर पर पहुंची तो एक कमरे का ताला टूटा हुआ था।
महिला ने इस बात की सूचना फोन के माध्यम से राजेंद्र को दी। महिला से चोरी की सूचना मिलते ही वह तुरंत घर के लिए रवाना हो गए। जब तक राजेंद्र घर पहुंचते ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए थे। वह कमरे के अंदर गए तो अलमारी का ताला टूटा हूआ पाया। अलमारी का सामान भी कमरे में बिखरा हुआ था। अलमारी से पंद्रह तोले जेवर जिसमें दो जोड़े चुड़िया, दो मंगलसूत्र, दो जोड़े कान की बालियां, दो गले के हार, दो सोने की अंगुठियां व कुछ चांदी के गहने व एक लाख नकदी गायब थी।
राजेंद्र ने यह जेवर अपने दो बेटों की शादी के लिए बनवाये थे। राजेंद्र सिंह ने तुरंत चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया। डीएसपी सरकाघाट मदन लाल धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की धर पकड़ शुरू कर दी है।