मंडी। भाई प्लीज दिल्ली में यह सामान दे देना। गरीब का भला हो जाएगा। जरूरी सामान है, दिल्ली में एक व्यक्ति यह सामान ले लेगा। यूं समझो कि जिंदगी और मौत का सवाल है। ऐसा कहकर एक अंजान व्यक्ति ने निजी वोल्वो बस के चालक को पैकेट थमा दिया। बातों में आकर चालक ने भी पैकेट रख लिया। कुछ देर बाद जब उसने पैकेट के ऊपर देखा तो उसमें देने वाला का कोई पता और फोन नंबर नहीं था। इसके बावजूद किसी की मजबूरी समझकर चालक ने पैकेट रख लिया। रास्ते में उसे शक हुआ तो उसने मंडी के सदर थाना में सूचना दी और पुलिस बस स्टैंड मंडी पहुंच गई। पुलिस को सारी बात सुनाकर पैकेट थमा दिया। जब पुलिस की मौजूदगी में पैकेट खोला गया तो उसमें कुछ सामान के बीच 244 ग्राम चरस निकली। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस थाना प्रभारी विनोद ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की पूरी छानबीन कर रही है। जांच के बाद असलियत जल्द सामने आएगी। मामले से जल्द पर्दा उठेगा।