बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी-थाची-डीडर सड़क की खस्ताहालत ने सात लोगों की जान जोखिम में डाल दी। गनीमत रही कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। शुक्रवार को बालीचौकी से डीडर जा रही जीप बनेशी कैंची भलैड़ चौड़ के पास अनियंत्रित होकर गिर गई। इस जीप में सात लोग सवार थे। इनमें से एक को चोटें आई हैं जबकि अन्य को मामूली खरोंचे ही आई हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। हादसे का कारण सड़क की खस्ताहालत बताया जा रहा है। 4 जुलाई को अमर उजाला के माध्यम से ग्रामीणों ने सड़क की जर्जर हालत में कभी भी हादसे का अंदेशा जताया था और शुक्रवार को हादसा हो गया। गनीमत रही कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने घायल की पहचान जयराम उम्र 72 वर्ष के रूप में की है। जिन्हें बाली चौकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया है। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और सवार छह लोग गाड़ी से बाहर सकुशल निकल आए। लेकिन वृद्ध घायल नहीं निकल सका। नायब तहसीलदार नरेंद्र शर्मा ने कहा कि घायल को फौरी तौर पर 5000 की फौरी राहत दे दी गई है। उधर पुलिस चौकी प्रभारी श्यामलाल का कहना है कि पुलिस मामले में जांच कर रही है।