बलद्वाड़ा/पटड़ीघाट (मंडी)। उपमंडल की भांबला पंचायत के वन लोहारड़ी गांव में एक 50 वर्षीय महिला की घर से थोड़ी दूर बने सिंचाई के पानी टैंक में डूबकर मौत हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर मौके का मुआयना किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का पति जयकुमार समैला में कपड़े की दुकान करता है। उस दिन भी वह रोजमर्रा की तरह दुकान में चला गया, जबकि उसका बेटा और बहू अपने ससुराल में गए थे। उसकी पत्नी संतोष कुमारी दिन में घर में अकेली ही थी। दिन में वह घर से थोड़ी दूरी पर स्थानीय पंचायत की ओर से निर्मित सिंचाई टैंक की ओर चली गई और इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह टैंक में जा गिरी। टैंक काफी गहरा होने के कारण महिला इसमें डूब गई। शाम के करीब 8 बजे जब जयकुमार घर पहुंचा तो उसे घर में कोई नहीं मिला। उसने हर जगह पत्नी की तलाश की, लेकिन वह कहीं पर भी नहीं मिली। वह पड़ोसियों के साथ उसको ढूंढने निकला और इसी क्रम में जब वे लोग पानी के टैंक के पास पहुंचे तो उनको संतोष कुमारी का शव पानी में दिखाई दिया। जब उसे पानी से बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और परिवार वाले संतोष कुमारी के शव को नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले आए, जहां उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। घटना की पुष्टि थाना प्रभारी बलद्वाड़ा अश्वनी शर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का नहीं लग रहा है। मामले की पूरी छानबीन की जा रही है।