धर्मपुर (मंडी)। कार में नाबालिग को अगवा करके गैंगरेप करने के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को धर दबोचा है। मुख्यारोपी और उसके दोस्त को पुलिस ने भडियार के जंगलों के पास पकड़ा है, जबकि तीसरे शातिर को पुलिस ने सरकाघाट से दबोचा है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। धर्मपुर पुलिस ने थाना प्रभारी जय लाल के नेतृत्व में टीम गठित कर मुख्यारोपी और उसके एक साथी को मंगलवार रात को ही करीब दस बजे भडियार के पास के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की तलाश में उनके घरों और अन्य जगहों पर दबिश दी गई परंतु जब वे नहीं मिले तो पुलिस ने स्थानीय जनता और अपने सूत्रों के सहयोग से आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। वह अग्रिम जमानत के चक्कर में सरकाघाट था। पुलिस ने बुधवार को करीब 10 बजे उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि डीएसपी सरकाघाट करण गुलेरिया ने की है।