अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। स्थानीय पुलिस ने शहर के पठानकोट चौक में लग्जरी कार में चिट्टे और चरस की तस्करी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। नाके के दौरान 0.55 ग्राम हेरोइन और 115 ग्राम चरस बरामद की गई है। पुलिस ने चालक सहित कार में बैठे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही कार भी जब्त कर ली है। पुलिस की गिरफ्त में आए तीन आरोपी जोगिंद्रनगर, जबकि एक जिला कांगड़ा का निवासी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को अदालत में प्रस्तुत किया गया। यहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत के लिए सब जेल मंडी भेजा गया है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग मंडी-पठानकोट चौक के नजदीक जोगिंद्रनगर पुलिस के थाना प्रभारी संदीप शर्मा, सब इंसपेक्टर सुरजीत सिंह, मुख्य आरक्षी मनवीर सिंह, हेड कांस्टेबल अमर सिंह और संजय सिंह नाके पर थे। इसी दौरान चौंतड़ा से मंडी की ओर आ रही एक लग्जरी कार में सवार चार युवकों और कार की तलाशी ली गई। पुलिस ने इनसे 115 ग्राम चरस और 0.55 ग्राम हेरोइन बरामद कर चारों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान संजीव कुमार पुत्र श्याम सिंह निवासी हराबाग, ओमप्रकाश पुत्र बलदेव निवासी पंजागणा, चालक कमलकांत पुत्र प्रेम सिंह निवासी हराबाग और हरजीत सिंह पुत्र नरेश कुमार गांव बरेन डाकघर फतेहपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के सेवन और व्यापार पर पुलिस के द्वारा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। अवैध नशे के सौदागरों को पुलिस किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगी।