अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत धर्मपुर के कलस्वाई गांव में सोमवार रात्रि को चोरों ने दो घरों के ताले तोड़ डाले और परिवार वालों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। मकान मालिक ऊपरी मंजिल में सोए रहे और चोर निचली मंजिल के ताले तोड़ कर वहां से कीमती सामान ढूंढते रहे, लेकिन उन्हें कोई भी मूल्यवान सामना नहीं मिला। इसके चलते उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कलस्वाई गांव के प्रेम चंद और डागु राम के घरों के ताले चोरों ने तोड़े हैं, जिसमें डागु राम के तीन कमरों के ताले और प्रेमचंद के एक कमरे का ताला तोड़ा है। ताले तोड़ने के बाद चोरों ने कमरों की तलाशी ली, लेकिन उन्हें ऐसा कुछ नहीं मिला। चोरी की इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। चोरी की घटना का घरवालों को सुबह ही पता चला जब वह प्रतिदिन की तरह जब निचली मंजिल पहुंचे तो उन्होंने घरों के ताले टूटे हुए पाए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस थाना धर्मपुर को दी। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा चोरों की धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस ने क्षेत्र में रहने वाले कुछ प्रवासियों को भी थाने में पूछताछ के लिए बुलाया है, लेकिन अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है। डीएसपी सरकाघाट कर्ण गुलेरिया ने कहा कि पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।