नेरचौक(मंडी)। जिले के बल्ह उपमंडल की रजवाड़ी पंचायत में 11 वर्ष के मासूम को जूस के बहाने तेजाब पिलाने के मामले में पुलिस ने धारा बदल दी है। वहीं, तेजाब से झुलसे बच्चे की हालत बेहद गंभीर है। बच्चे की हालत बिगड़ता देख सोमवार शाम चार बजे के करीब उसे मंडी अस्पताल से बच्चे को आईजीएमसी शिमला के रैफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि तेजाब से बच्चे के गले का अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया है। उसे सांस लेने में दिक्कत आ रही है। बच्चा अब बोल भी नहीं पा रहा है।
पुलिस ने अब मामला आईपीसी की धारा 326 के तहत दर्ज किया है। पहले पुलिस ने प्रारंभिक सूचना पर मामला आईपीसी की धारा 324 के तहत दर्ज किया था। लेकिन, मेडिकल रिपोर्ट और बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए पुलिस ने धारा बदल दी है। मामले में आरोपी को बल्ह थाना पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को 18 अप्रैल तक पुलिस रिमांड मिला है। जानकारी के अनुसार आरोपी ताया जयराम को रविवार देररात को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में बल्ह थाना पुलिस ने प्रारंभिक सूचना पर टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए रवाना कर दी थी। इसके बाद देररात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वहीं, सोमवार चार बजे के करीब मंडी अस्पताल से घायल बच्चे को शिमला के लिए रैफर कर दिया गया है। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि अब आईपीसी की धारा 326 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।