शानन प्रोजेक्ट के इंजीनियर की संदिग्ध मौत
स्यूरी नहर में मिला शव, ऊना के मजारा का रहने वाला था मनोज कुमार
....
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी/जोगिंद्रनगर। शानन परियोजना के शिफ्ट इंजीनियर का शव स्यूरी नहर में लगे जाले (नेट) में फंसा मिला है। आत्महत्या या हत्या, दोनों पहलुओं पर पुलिस मामले में जांच कर रही है। शव की सूचना कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लिया और शिनाख्त करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि इंजीनियर का पंजाब के लिए स्थानांतरण भी हो चुका था। शव की पहचान मनोज कुमार शर्मा (36 वर्ष) पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा निवासी मजारा, जिला ऊना के रूप में हुई है। मनोज कुमार अभी अविवाहित था। पंजाब राज्य बिजली बोर्ड की शानन परियोजना में वह लगभग तीन वर्ष से बतौर शिफ्ट इंजीनियर तैनात था। मौत के कारण ज्ञात नहीं हो सके हैं। डीएसपी पधर मदन कांत शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है। किसी तरह का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
000