जोगिंद्रनगर (मंडी)। दो नामी स्कूलों को जाने वाले रास्ते में सुबह दो छात्र गुटों में जमकर झड़प हुई। दोनों तरफ से हाथापाई और लात मुक्कों बरसने लगी। शोर सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन इसी बीच झगड़ा ज्यादा गहराता देखकर ग्रामीण बीच में पड़कर मामला शांत करवाने लगे। लेकिन पुलिस की सूचना की भनक झगड़ा कर रहे छात्र गुटों को लग गई और वे नौ दो ग्यारह हो गए। लेकिन इसी बीच हाथापाई में किसी एक छात्र का बैग छूट गया। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। बैग में पुलिस ने तेजधार हथियार, शराब की बोतल और बीड़ी आदि नशे का सामान बरामद किया है। इससे हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने बैग कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि अगर बीच में न पड़ते तो स्थिति अधिक बिगड़ सकती थी। यह रास्ता सार्वजनिक है। यहां आए दिन झगड़े होते रहते हैं। पुलिस की गश्त यहां न के बराबर है। यदि यहां सख्ती न हुई तो आने वाले दिनों में घटनाएं बढ़ती रहेंगी।
गश्त लगाए पुलिस
स्थानीय लोगों में वेद प्रकाश, सुरेश कुमार, कालीदास तथा मनोहर ठाकुर ने कहा कि शीघ्र ही पुलिस इस रास्ते पर गश्त तेज करे। अगर यहां होने वाले झगड़ों पर रोक नहीं लगाई तो यहां पर कभी भी किसी बड़ेे अपराध को अंजाम दिया जा सकता है। ग्रामीणों ने इस रास्ते में स्कूल टाइम पर पुलिस की तैनाती की मांग उठाई है।
घटना की मिली जानकारी: प्रधानाचार्य
निजी स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा कि उन्हेें इस घटना की जानकारी मिली है। यह घटना सुबह घटी है। इस रास्ते से स्कूलों के बच्चे आते-जाते हैं। अगर उनके स्कूलों के छात्र इस घटना में संलिप्त पाए गए तो उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि बैग से शराब, बीड़ी और हथियार बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बैग किसी छात्र का है या फिर किसी अन्य व्यक्ति का, इसकी जांच की जा रही है।