सरकाघाट (मंडी)। चोरों ने एक साथ चोरी की दो वारदातों को अंजाम देकर सरकाघाट पुलिस की चौकसी पर सवाल उठाए हैं। पौंटा पंचायत के लोअर बरोट गांव में दोनों वारदातों को अंजाम दिया गया है। एक घर से चोर 25 हजार की नकदी और 30 हजार के गहने चोरी कर ले गए हैं। जबकि, दूसरे घर से चोरों ने ट्रंक गायब कर दिया लेकिन, उस ट्रंक में सिर्फ कपड़े ही मिले। चोर ट्रंक को घर से करीब 200 मीटर दूर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने चोरी की शिकायतों पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीरबल सिंह पुत्र नानकू राम निवासी लोअर बरोट डाकघर एवं पचायत पौंटा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गत रात्रि वह अपने परिवार वालों के साथ अलग कमरे में सोया हुआ था और उसकी बहू का कमरा बंद था। वह डिलीवरी के लिए अपने मायके गई थी। शाम को सभी परिवार वालों ने रात का खाना खाया और सोने चले गए। सुबह जब वे उठे तो देखा कि उनकी बहू के कमरे का ताला टूटा हुआ था। जब वे कमरे के अंदर गये तो वहां रखी लोहे की अलमारी का दरवाजा भी टूटा हुआ था। अलमारी में से 25 हजार की नकदी और 10 ग्राम सोने की टीक व चांदी की पायल भी गायब थी। घटना की सूचना पूर्व पंचायत उपप्रधान दलीप राव को दी और उप प्रधान ने तत्काल हटली पुलिस चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी सरकाघाट को इस बारे में बताया।
दूसरे मामले में नुराता राम पुत्र सुंदर ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि घर का ताला तोड़कर चोर कमरे में रखा लोहे का ट्रंक उठा कर ले गए। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि ट्रंक घर से बाहर 200 मीटर की दूरी पर टूटी फूटी हालत में पड़ा था और उसके अंदर रखे कपड़े भी इधर उधर बिखरे पड़े हुए थे। लेकिन, कोई सामान चोरी नहीं हुआ था। पुलिस ने चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।