सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के सलापड़ में शुक्रवार देर शाम एक प्रवासी युवक ने फंदा लगा कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली है। वह कोल बांध परियोजना में मजदूरी का काम करता था। सूचना मिलने पर सलापड़ पुलिस चौकी के दल ने मौके पर पहुंच कर युवक के शव को कब्जे में लिया और शनिवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश कुमार (32) पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी बिहार पिछले कुछ समय से यहां एनटीपीसी कोल बांध परियोजना में मजदूरी का काम करता था। वह सलापड़ में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था। शुक्रवार शाम को जब उसकी पत्नी और बच्चे घर पर नहीं थे तो उसने कमरे में दुपट्टे का फंदा लगा कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। जब पत्नी घर पर पहुंची को उसने अंदर उसे फंदे से लटकते पाया। उसकी चीख चित्कार सुनकर आस पड़ोस में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना सलापड़ पुलिस चौकी को दी। जिस पर पुलिस ने मौका पर पहुंच कर युवक के शव को कब्जे में ले लिया। शनिवार सुबह उसका यहां के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि मृतक के पास से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।