बालीचौकी (मंडी)। औट-लूहरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार सुबह आठ बजे एक स्कूली वैन और टिपर की टक्कर हो गई। हादसे में किसी को चोटें नहीं आईं। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। आपसी समझौते के चलते मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त स्कूली वैन में बच्चे भरे थे। सूचना मिलते ही अभिभावकों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया लेकिन सभी सुरक्षित थे। गाड़ियों के आपस में टकराने के कारण मार्ग करीब एक घंटे तक बंद रहा। इसके चलते स्कूली बच्चों सहित अन्य लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह हादसा बालीचौकी से तीन किलोमीटर दूर धामण नामक स्थान पर हुुआ। उधर चौकी प्रभारी श्याम लाल का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। इसलिए मामला दर्ज नहीं किया गया।