बलद्वाड़ा (मंडी)। क्षेत्र में एक प्रवासी युवक ने बस परिचालक पर दराट से हमला कर दिया। हालांकि इस हमले में परिचालक को किसी तरह की चोट नहीं लगी है। बस में बैठी सवारियों की मुस्तैदी के चलते हमलावर को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक बजे के करीब जाहू से त्रिफालघाट जा रही एक निजी बस को बलद्वाड़ा पुल के पास गाजियाबाद निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र श्याम लाल ने रोका। परिचालक ने जैसे ही बस का दरवाजा खोला तो आरोपी ने उसपर हमला कर दिया। आरोपी ढलवाण में मीट की दुकान करता है। सवारियों ने इस दौरान बीच बचाव किया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी ने पुलिस की मौजूदगी में भी परिचालक पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने उसे काबू करते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सरकाघाट अस्पताल में आरोपी का मेडिकल करवाया गया। डीएसपी चंद्रपाल ने बताया कि आरोपी को शनिवार को सरकाघाट न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामलेे की गहनता से छानबीन की जा रही है।