सवारी को लेकर भिड़े टैक्सी चालक, तीन के सिर फूटे
सरकाघाट में खूनी झड़प, क्रॉस शिकातय दर्ज करवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नबाही/सरकाघाट(मंडी)।
सवारियों को लेकर कुछ टैक्सी चालकों में नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते चार टैक्सी चालक आपस में भिड़ गए। इनमें से तीन चालकों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी है। उधर पुलिस में दो चालकों की तरफ से मारपीट की क्रॉस शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार रविवार रात 10 बजे सरकाघाट बस स्टैंड के बाहर सवारी का इंतजार कर रहे टैक्सी चालकों हेमराज, विनोद कुमार, राजकुमार और परमानंद में सवारी को ले जाने को लेकर बहसबाजी हो गई। यह बहसबाजी बाद में खूनी झड़प का रूप धारण कर गई। इस लड़ाई में तीन के सिरों पर गहरी चोटें आई हैं। पत्थर मारकर हेमराज, विनोद कुमार के सिर फोड़ डाले, जिन्हें 8 व 6 टांके लगाने पड़े हैं। बीच बचाव के दौरान चालक परमानंद भी घायल हो गया है। हेमराज और विनोद कुमार ने क्रॉस शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट चंद्रप्रकाश ने कहा कि मंगलवार को इनका एक्स रे करवाया जाएगा। उसी बाद मामला दर्ज किया जाएगा।