सुंदरनगर (मंडी)। सलापड़ में मकान का छज्जा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक पेशे से फोटोग्राफर था। हादसे के बाद घायलावस्था में उसे अस्पताल लाया गया लेकिन उपचार के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। पवन कुमार (45) निवासी सलापड़ अपने घर की मरम्मत करवा रहा था। सोमवार शाम को अचानक उस पर छज्जा गिर गया। इसके कारण उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसे परिवार के लोगों ने उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। ब्यूरो