धर्मपुर (मंडी)। एक दुकानदार की ओर से छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा जब सोमवार को स्कूल जा रही थी तो वह एक दुकान से कुछ सामान लेने के लिए गई। वहां पर दुकानदार छात्रा से अश्लील हरकतें करने लगा। इस बात का खुलासा तब हुआ जब छात्रा अपनी कक्षा में रो रही थी तो उसकी सहेलियों ने उससे रोने का कारण पूछा। इस पर लड़की ने उन्हें सारी बातें बताई। इसके बाद लड़की की सहेलियों ने अध्यापिका को सारी बात बताई। प्रधानाचार्य की ओर से इस बात की सूचना छात्रा के अभिभावकों को दी गई। बाद में लड़की के अभिभावकों ने थाना धर्मपुर में दुकानदार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए धारा 354 ए पोस्को एक्ट के तहत दुकानदार पर मामला दर्ज कर लिया है। इस बारे में जब डीएसपी सरकाघाट कर्ण गुलेरिया से बात की गई तो उन्होंने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है।