जोगिंद्रनगर (मंडी)। क्षेत्र में एक बार फिर कुत्तों के आतंक से लोग दहशत में हैं। बीते 12 घंटों में कुत्तों ने 18 लोगों को काट लिया है। इनको सिविल अस्पताल में एंटी रैबीज के इंजेक्शन देकर घर भेज दिया गया है। कुत्तों के काटने की इन घटनाओं से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। यहां पर यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। कुत्तों के काटने से पीड़ितों में गांव कसमल के लेखराज, जलपेहड़ के शेर सिंह, रोपड़ू के पंकज राणा, मकडैना के विकेश, राजबजोर के राजीव कुमार, डोहग के नेकराम, खद्दर के करुण, गरोड़ू का सुनील, जलपेहड़ की पलवी, कुठेहड़ा के नरेश, मझारनू के जितेंद्र, डोल के संत राम, बालकरूपी के कश्मीर सिंह, नेर गांव के जयदेव, लुधियाना का साजन, छतर की रामो देवी, जोगिंद्रनगर फार्मेसी के समीप रहने वाला याशु, धनर राम तथा शिवानी को कुत्तों ने काट लिया है। सभी को सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। एसएमओ जितेंद्र चौहान ने कुत्तों के काटने के मामले आने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एक दिन में इतने मामले आना चिंता का विषय है। इससे रैबीज का खतरा हो सकता है। इसलिए उन्होंने लोगों से कुत्तों से सचेत रहने की सलाह दी है। उधर, इस बारे में उपमंडल अधिकारी नागरिक अमित मेहरा ने कहा कि प्रशासन इस बारे में आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएगा। गौर हो कि यहां पर कुत्तों के काटने के कई मामले सामने आ चुके हैं और गत वर्ष रैबीज से एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है।
000