धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र के भदेहड़ ग्रोड़ू गांव में फौज से रिटायर्ड बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की निर्मम पिटाई कर उसे घर में बंदी बना लिया। कमरे में बंद कर उसमें ताला जड़ दिया। सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को ताला खोलने के लिए कहा, लेकिन उसने ताला नहीं खोला। पुलिस को पंचायत प्रतिनिधियों को बुलाकर ताला तोड़ना पड़ा। अंदर से छोटे भाई को अधमरी हालत में बरामद किया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे गंभीर हालत को देखते हुए हमीरपुर रेफर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी पर हत्या के प्रयास के अलावा मारपीट कर घायल करने और शांति भंग करने जैसी संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई फौज से रिटायर्ड हुए हैं। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस ने फौज से रिटायर्ड सैनिक भदेहड़ निवासी तारा चंद के खिलाफ भादसं की धारा 307, 323, 324, 504, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गंभीर रूप से घायल छोटा भाई प्रकाश चंद भी फौज से सेवानिवृत्त है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों का कोई विवाद चल रहा है। कहा कि हमलावर को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
000