गोहर (मंडी)। जाली करेंसी मामले में दोनों आरोपियों लाल सिंह और देेवा को मंगलवार को पुलिस ने उपमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी गोहर की अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों से सच उगलवाने के लिए पुलिस दोनों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। लेकिन, आरोपी पुलिस को वास्तविक कहानी नहीं सुना रहे हैं। जिससे पुलिस के लिए जाली करेंसी के मुख्य सरगना तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। आरोपी पुलिस को यह भी नहीं बता रहे हैं कि उन्होंने जाली करेंसी मामले में बाहरी प्रदेशों के लोगों से किस चीज की डील की थी। डील के पीछे चरस है या कुछ और पुलिस इसकी पड़ताल में गंभीरता से जुटी हुई है। उधर, डीएसपी मंडी हितेश लखनपाल ने भी अपने स्तर पर इस पूरे घटनाक्रम की जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गोहर पुलिस आरोपियों को लेकर जल्द पंजाब और हरियाणा में दबिश दे सकती है। एसएचओ गोहर मनोज कुमार वालिया ने दोनों आरोपियों को चार दिन का पुलिस रिमांड मिलने की पुष्टि की है।