जोगिंद्रनगर (मंडी)। एटीएम कार्ड बदल कर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाने के आरोप में गिरफ्तार सहारनपुर निवासी पंकज कुमार को सात जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मंगलवार को आरोपी को न्यायिक दंडाधिकारी नेहा शर्मा की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे 7 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य साथियों के नाम उगलवाए जाएंगे। शहर में पिछले कुछ माह में एटीएम कार्ड बदल कर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाने वाले गिरोह से शहर और इसके आस-पास के क्षेत्र से आने वाले लोग परेशान थे। यहां पर एटीएम कार्ड बदल कर पैसा निकालने के अनेक मामले सामने आए थे। ज्यादा मामले आने के चलते पुलिस ने नजर पैनी कर रखी थी। इसके परिणामस्वरूप सोमवार को जब यह आरोपी एसबीआई की एटीएम के बाहर बार-बार चक्कर लगा रहा था तो पुलिस ने इसे धर दबोचा और इसके पास से अलग-अलग 10 एटीएम कार्ड बरामद किए गए। जबकि इसके दो अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ी छानबीन कर इसके साथियों के बारे में पता लगाया जाएगा। पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एटीएम कार्ड बदलने के आरोपियों के फोटो भी जारी किए गए थे। मामले की पुष्टि डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने की है।
0000