नबाही/सरकाघाट(मंडी)। उपमंडल की बकारता पंचायत में एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने जहरीली दवा खाकर अपनी जान दे दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक के पिता हेम राज ने बताया कि उसका बेटा प्रदीप कुमार (35) मजदूरी का काम करता था। एक साल पहले उसने कुल्लू जिले की किसी लड़की से शादी की थी। शादी के तीन दिनों के बाद ही उसकी पत्नी दो लाख के जेवर और कीमती कपड़े लेकर कहीं चली गई और उसी वक्त से उसने नशा करना शुरू कर दिया था। उसकी यह आदत दिनोंदिन बढ़ती गई और वह मानसिक तनाव में रहने लगा। शुक्रवार सुबह जब उसके पिता मजदूरी करने के लिए गए तो वह भी घर से निकल गया और घर से थोड़ी दूर जाकर उसने किसी जहरीली दवा का सेवन कर लिया। थोड़ी देर के बाद उसे जोर-जोर से उल्टियां आने लगीं। थोड़ी ही दूरी पर काम कर रहे मनरेगा के मजदूरों ने उसकी हालत देख कर उसके घरवालों को सूचना दी। परिजन ने उसे निजी वाहन में नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया। पिता के अनुसार उसने अस्पताल जाते समय बता दिया था कि उसने जहरीली दवा का सेवन कर लिया है। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसको बचाने की भरसक कोशिश की लेकिन उसे बचा न सके। अस्पताल प्रशासन ने घटन के बारे पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने अस्पताल आकर शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी कंवलजीत सिंह ने घटना की पुष्टि की है।