सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पुंघ के निकट शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर शटर तोड़ते हुए एक दुकान में जा घुसी। इस घटना में दुकान मालिक और कार चालक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से मनाली जा रही एक तेज रफ्तार कार शनिवार सुबह करीब सात बजे अनियंत्रित होकर शटर तोड़ते हुए दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान के अंदर साफ सफाई का काम कर रहे मालिक प्राणनाथ और कार चालक घायल हो गए। इस टक्कर में दुकान का करीब 70 हजार का नुकसान हुआ। दूसरी ओर कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर सुंदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए लेकिन, दोपहर को दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने दोनों पक्षों में समझौता होने की पुष्टि की है।