पधर (मंडी)। पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। पधर के समीप डायनापार्क में पुलिस ने नाके के दौरान एक व्यक्ति से 1.852 किलो ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी की पहचान चौहारघाटी की ग्राम पंचायत बल्ह-टिक्कर के तरैला निवासी नसीब सिंह के रूप में हुई है। आरोपी एक निजी कारोबार करता है। डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने मामले की पुष्टि की। कहा कि आरोपी ने चरस की खेप कहां से लाई और कहां ठिकाने लगाने जा रहा था, इसको लेकर जांच जारी है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसे पुलिस रिमांड में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों कतई बख्शा नहीं जाएगा।