टिहरा (मंडी)। अवाहदेवी पुलिस चौकी के तहत दाड़ी पंचायत के धरौन गांव में एक प्रवासी मजदूर ने फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कपिल पुत्र अच्छे लाल गांव विंडबाड़, जिला कुशीनगर, यूपी के रूप में की है। वह गांव में किराए के मकान में रहता था और टाइल और मार्बल लगाने का काम करता था। कपिल हर दिन अपने मकान मालिक से दूध लेता था, लेकिन रविवार को शाम हो गई और वह दूध लेने नहीं आया। इस पर मकान मालिक ने कमरे में देखा तो कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने जब कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो कपिल फंदे से झूल रहा था। इसकी सूचना उन्होंने अवाहदेवी पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, अवाहदेवी पुलिस चौकी प्रभारी बांकू राम ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले में 174 के तहत कार्रवाई डाली गई है।