गोहर (मंडी)। मुराह गांव में पांव फिसलने से घास काट रही एक 50 वर्षीय महिला खाई में गिर गई। इससे उकी मौत हो गई। महिला की पहचान चेतरी देवी निवासी मुराह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एसपी गुरदेव चंद ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार चेतरी देवी शनिवार सुबह घासनी में घास काटने गई थी। करीब 10 बजे सुबह उसका अचानक पांव फिसल गया और उसकी ढांक में गिरने से मौके पर मौत हो गई। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने पंचायत को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया गया। प्रशासन की ओर महिला के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 10 हजार रुपये की राशि दी गई है।