नेरचौक (मंडी)। बल्ह घाटी के राजगढ़ में पत्नी की हत्या करने वाले भूपेंद्र पाल ने आखिरकार पुलिस के आगे अपना जुर्म कबूल लिया है। आरोपी पति ने माना कि अपनी पत्नी के पास गैर मर्द द्वारा दिया गया मोबाइल देखकर वह अपना आपा खो बैठा। उस रात जब वह दस बजे घर पहुंचा तो उसने पत्नी को किसी के साथ बात करते सुन लिया। उस फोन को लेकर उन दोनों में खूब बहस हुई। पूरे परिवार वाले उन्हें समझाते रहे, लेकिन बहसबाजी होती रही। रात करीब दो बजे जब सभी परिवार वाले सो गए तो उसने सोई हुई पत्नी पर रात तीन बजे हमला बोल दिया। पहले उसने हाथों से पत्नी का गला दबाया और बाद में बिजली के तार के साथ पत्नी का गला घोट दिया। पत्नी की जब मौत हो गई तो उसने इस मौत को आत्महत्या देने की तरकीब सोची। मरी हुई पत्नी को वह उठाकर तीसरी मंजिल ले गया और वहां जाकर उसने शोर मचा दिया कि उसकी पत्नी ने फंदा लगा लिया है और वह मर गई है। एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी पति से हत्या करने के लिए उपयोग की गई वायर बरामद कर ली गई है। वीरवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।