मंडी। मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जिला मुख्यालय से महज दो किमी दूर पुलघराट के समीप निजी वोल्वो बस और स्कूटी की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है। हादसे में स्कूटी पर सवार अन्य दो युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। पुलिस ने वोल्वो बस को जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बस मनाली से दिल्ली की तरफ जा रही थी। जबकि, पोस्टमार्टम के बाद मृतक युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के दो अन्य घायल युवकों का मंडी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार करीब पौने एक बजे मनाली से दिल्ली की ओर जा रही एक वोल्वो बस और स्कूटी की पुलघराट के समीप टक्कर हो गई। स्कूटी पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्य मेहता (19) पुत्र पवन निवासी गनपति रोड मंडी के रूप में हुई है। जबकि, दो अन्य घायल अक्षय कुमार (20) पुत्र राजीव निवासी थनेहड़ा मुहल्ला, अभिनय शर्मा (19) पुत्र ओमप्रकाश निवासी बलद्वाड़ा के रूप में हुई है। एसएचओ सदर थाना सुनील कुमार सांख्यान ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सहायक उप निरीक्षक राम गोपाल मामले की जांच कर रहे हैं। वोल्वो बस को कब्जे में ले लिया गया है। बस की सवारियों को अन्य वाहन से भेजने की व्यवस्था की गई है। हादसे की गहनता से छानबीन की जा रही है। अस्पताल में उपचाराधीन घायलों की हालत अब स्थिर है।