नाके में कार से बिना बिल सिगरेट पकड़ी
सामान को जब्त कर आरोपी को ठोंका टैक्स
जुर्माने सहित 86 हजार देने का नोटिस थमाया
अमर उजाला ब्यूरो
सुंदरनगर (मंडी)। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने हाईवे पर नाके के दौरान एक कार से करीब 53 हजार मूल्य की बिना बिल सिगरेट बरामद की है। टीम ने सामान को जब्त कर आरोपी को 86, 590 रुपये अदा करने का नोटिस दिया। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर स्थित आबकारी एवं कराधान विभाग ने शुक्रवार शाम को हाईवे पर हराबाग के निकट ईटीओ धर्म सिंह के नेतृत्व में नाका लगा रखा था। इस दौरान पंजाब की ओर से आ रही एक कार को विभाग की टीम ने जांच के लिए रोका। इसकी तलाशी के दौरान कार की डिक्की में बड़ी संख्या में सिगरेट के बंद पैकेट मिले। टीम को सिगरेट की अवैध रूप से बिक्री का अंदेशा हुआ। जब टीम ने चालक जालंधर निवासी अजय कुमार को इस माल का बिल पेश करने को कहा तो वह बिल पेश नहीं कर पाया। इस पर आबकारी विभाग की टीम ने सिगरेट को कब्जे में ले लिया। बरामद सिगरेट की कीमत करीब 52,800 रुपये आंकी गई है। टैक्स, सैस और जुर्माने की गणना करने पर विभाग ने आरोपी को 86,590 रुपये जमा करवाने का नोटिस थमा दिया है। इसे अदा न करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मंडी में तैनात आबकारी एवं कराधान विभाग के डिप्टी कमिश्नर प्रीतपाल सिंह ने सुंदरनगर हाईवे पर अवैध रूप से लाई जा रही सिगरेट पकड़ने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को विभाग की ओर से टैक्स, सैस और जुर्माना सहित 86,590 रुपये जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।