जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर के बीचोंबीच स्थित भवानी बर्तन भंडार के स्टोर से शनिवार रात को चोर ताला तोड़ कर हजारों के तांबे और पीतल के बर्तन चुरा ले गए। करीब 70 हजार के बर्तनों पर हाथ साफ किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है।
चोरी की वारदात के बाद जोगिंद्रनगर शहर में दहशत का माहौल है। भवानी बर्तन भंडार के साथ लगते शारदा ट्रेडर्स के मालिक हरबंश शारदा जब रात्रि को लघु शंका के लिए उठे तो भवानी बर्तन भंडार की दुकान के आगे एक पिकअप जीप और एक आदमी को खड़े देखा। जब एक अन्य गाड़ी वहां से गुजरी तो उस व्यक्ति ने अपने आप को गाड़ी की लाइट से बचने की कोशिश की। थोड़ी देर बाद हरबंश शारदा को वह व्यक्ति गाड़ी में कुछ रखता दिखा। जब उन्होंने जोर से आवाज लगाई तो चोर गाड़ी लेकर मंडी की तरफ भाग गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना भवानी बर्तन भंडार के मालिक परवीन शर्मा को दी। परवीन शर्मा जब अपने स्टोर पहुंचा तो देखा कि दरवाजे में लगा ताला और कुंडा दोनों गायब थे। स्टोर की लाइट जली थी। जब सामान की जांच की तो स्टोर से तांबे तथा पीतल के बर्तन गायब थे। स्टोर मालिक ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में दर्ज करवाई। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर जाकर चोरी का जायजा लिया और छानबीन शुरू कर दी। आईओ विजेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। भवानी बर्तन भंडार के मालिक परवीन शर्मा ने कहा कि यदि हरबंश शारदा शोर नहीं मचाते तो चोर स्टोर में रखे सभी बर्तनों को उड़ाने में सफल हो जाते।
000