जोगिंद्रनगर (मंडी)। बैंक प्रबंधन अपने-अपने एटीएम की सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक पुख्ता करें। एटीएम उपभोक्ताओं की ठगी के मामलों में अगर बैंक प्रबंधन की सुरक्षा में कोई अनियमितताएं पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। रविवार को जोगिंद्रनगर में यह बात बैंक प्रबंधकों के साथ की गई एक बैठक में डीएसपी पधर मदनकांत ने कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह एक से अधिक मामले थाने में एटीएम ठगी के पहुंच रहे हैं। अधिकांश एटीएम में सुरक्षाकर्मियों का अभाव और गुणवत्ताहीन कैमरों से शातिर आसानी से एटीएम बैंक उपभोक्ताओं को चुना लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख एटीएम की सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया तो अधिकांश एटीएम में सुरक्षाकर्मी ही तैनात नहीं थे।