बालीचौकी (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र के गांव रैनधार का 24 वर्षीय देवेंद्र कुमार पिछले 4 दिनों से लापता है। उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। देवेंद्र कुमार सुंदरनगर के एक निजी कॉलेज में इलेक्ट्रिकल का कोर्स कर रहा था। उसके पिता कुंदन लाल ने बताया कि 27 नवंबर को देवेंद्र ने अपने चाचा को मंडी बस स्टैंड तक छोड़ा था, लेकिन शाम तक उससे संपर्क नहीं हो पाया और उसका नंबर भी बंद आया। उसके दोस्तों से भी संपर्क साधा पर उसका पता नहीं लगा। सूचना पर ग्रामीणों ने देवेंद्र की तलाश की लेकिन उसको नहीं ढूंढ पाए। परिजनों ने अब सुंदरनगर थाने में बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। देवेंद्र के पिता ने आमजन से आग्रह किया है कि किसी भी व्यक्ति को उनके बेटे का कोई सुराग मिलता है तो वह मोबाइल नंबर 9418667439 पर या पुलिस को सूचना दें। उधर, सुंदरनगर के थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। संबधित हर पुलिस चौकी और थाने को सूचना दे दी गई है। ब्यूरो