सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की भांबला पंचायत में रविवार रात को चोरों ने एक घर में सेंध लगा कर नवविवाहिता के 12 लाख के गहनों पर हाथ साफ कर लिए हैं। साथ ही चोरों ने निकट लगते घरों में भी चोरी का प्रयास किया लेकिन, यहां पर उन्हें कुछ नहीं मिला और वह तोड़फोड़ करके चले गए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भांबला के नारायण सिंह के बेटे का विवाह कुछ महीने पूर्व ही हुआ था। रात्रि को उसका बेटा और उसकी पत्नी अपने नए घर में सो रहे थे। इसी घर के दूसरे कमरे में चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कमरे में रखी लोहे की अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखा गहनों का बैग ले गए। इस बैग में करीब 12 लाख के सोने के जेवर थे। मालिक के अनुसार इस बैग में एक नथ, दो टीक, तीन मंगल सूत्र, तीन सोने की अंगुठियां, एक गले की सोने की चेन और पांच जोड़ी चांदी की पायल रखी हुई थी। मकान मालिक ने बताया कि उनके मकान के साथ ही चमन लाल पुत्र चौधरी राम के घर में लगे ताले भी तोड़े गए हैं। इस घर के मालिक हमीरपुर में रहते हैं। यहां से चोरों को कुछ भी नहीं मिला है। चोरी का पता सुबह चला जब एक पड़ोस की महिला ने घर के साथ लगते खेत में एक बैग पड़ा हुआ देखा। इस बैग को उसने नारायण सिंह की पत्नी को दिखाया। बैग को देखकर सभी नए घर के दूसरे कमरे में गए। जहां पर अलमारी का ताला टूटा हुआ देख उन्होंने गहनों की तलाश की लेकिन उन्हें गहने नहीं मिले। इस बारे में घर वालों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज करके गहनों की तलाश शुरू कर दी है। डीएसपी कर्ण गुलेरिया ने घटना की पुष्टि की है।