पंडोह (मंडी)। मंडी जिले के पनारसा के गांव किगस की बेटी लक्ष्मी देवी की जहर खाने से मौत हो गई है। आठ माह पहले ही उसकी शादी कुल्लू जिले के निरंमड गांव के गोविंद राम से हुई थी। घटना के तुरंत बाद उसे निरमंड अस्पताल लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बेटी के पति ससुर और सास पर जबरन जहर देने का आरोप लगाते हुए शिकायत पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों की मांग पर महिला का शव मायका पक्ष को सौंपा गया। वहीं, मायके में ही महिला का दाह संस्कार किया गया। महिला के पिता पूर्व राम ने ससुराल वालों पर जबरन जहर पिलाने का आरोप लगाया है। कहा कि ससुराल वाले उसकी बेटी के साथ मारपीट करते थे, उसे प्रताड़ित करते थे। पिता ने इसी आधार पर पुलिस चौकी निरमंड में लक्ष्मी के पति गोविंद राम, ससुर जोगी राम और सास मीना देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने तीनों को आईपीसी की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। पिता ने पुलिस ने निष्पक्ष जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की है। उधर, निरमंड थाने के सब इंस्पेक्टर कर्म चंद ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि लक्ष्मी की मौत जहर खाने से हुई है। लड़की के मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर शक जताते हुए शव को अपने घर यानी मंडी पनारसा ले जाने की मांग की और पुलिस ने शव मायका पक्ष को सौंप दिया। कार्रवाई के रूप में पुलिस ने सास, ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है। छानबीन जारी है। इस घटना से पूरा किग्स गांव शौक में गमगीन है।