करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग के पांगणा कैंची मोड़ के पास एक कार खाई में गिर जाने से उसमें सवार चालक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार रात कार में सवार पंकज कुमार गांव सेरी कोठी तहसील सुंदरनगर अपने घर से ससुराल जा रहा था तो पांगणा कैंची मोड़ के पास अचानक गाड़ी अनियंत्रित होने से करीब 50 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। ग्रामीणों ने जैसे ही गाड़ी गिरने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंच गए और निजी वाहन के माध्यम से घायल को पांगणा अस्पताल पहुंचाया। पांगणा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को नागरिक अस्पताल करसोग रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। मुख्य आरक्षी पांगणा पुलिस चौकी रणजीत सिंह ने मामले की पुष्टि की है।