करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग के सनारली के पास एक टैक्सी कार सड़क से करीब 20 फीट नीचे लुढ़क गई। टैक्सी का ड्राइवर और उसका एक साथी मौके से ही फरार बताए जा रहे हैं। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार शिमला से दो व्यक्ति निजी कार करके अपने घर करसोग आ रहे थे। इनमें पृथ्वी सिंह पुत्र लक्ष्मीदत्त गांव नियारा शिमला में जॉब करता है और दूसरा रामलाल पुत्र संतराम गांव रोपड़ी सरकाघाट जो करसोग में रहता है। दोनों ने शिमला से करसोग के लिए टैक्सी की थी। टैक्सी में इन दोनों के अलावा ड्राइवर का एक साथी भी सवार था। रात के समय जब यह सनारली के पास पहुंचे तो इनकी कार लुढ़क गई। इस दौरान ड्राइवर और उसका साथी फरार हो गए, जबकि अन्य दोनों व्यक्ति घायल हो गए। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को 108 के माध्यम से नागरिक चिकित्सालय करसोग लाया गया, जहां उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ड्राइवर और उसकी साथी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ओमकार नाथ ने इसकी पुष्टि की है।