नगवाईं (मंडी)। ग्राम पंचायत बालू कठियारी में टिक्कर के समीप जंगल में एक शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। शव की पहचान हुकम चंद पुत्र भीखम राम (37) निवासी उखलधार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात हुकम चंद जंगल की तरफ गया था, परंतु जब घर नहीं लौटा तो सुबह परिवार ने गांववालों की मदद से उसे ढूंढना शुरू किया। अभी यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि हुकम चंद ढांक से पैर फिसलने से गहरी खाई में जा गिरा होगा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई है। हुकम चंद के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता एवं पत्नी तथा तीन बेटे हैं। वह लकड़ी के पारंपरिक किल्टे बनाने का काम करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना औट के एएसआई यशपाल टीम के साथ बालू पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई यशपाल ने घटना की पुष्टि की है।
000