थुनाग (मंडी)। क्षेत्र के ढांगरुधार के पास एक कार के 700 फीट गहरी खाई में गिर जाने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसा रविवार देर रात पेश आया। कार में दो लोग ही सवार थे और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस, अग्निशमन कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने खाई से शवों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला। मंडी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया है। दोनों करसोग से मंडी जा रहे थे। जानकारी के अनुसार महेश कुमार निवासी चांबी (तल्याड़) और दिनेश कुमार उर्फ रिंपी निवासी मजैहली (रिवालसर) रविवार को कार में सवार होकर मंडी की तरफ जा रहे थे। थुनाग से करीब तीन किलोमीटर दूर ढांगरुधार के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से दूर गांव के लोगों को हादसे की आवाज सुनाई दी। सोमवार सुबह लोगों ने सूचना पुलिस को दी। अग्निशमन विभाग की चौकी थुनाग को भी सूचित किया गया। गृह रक्षा कंपनी कमांडर थुनाग पदम सिंह और अग्निशमन चौकी थुनाग के प्रभारी दीवान चंद ने अपनी टीम के साथ शवों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाला। इनका पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना की सूचना पर एसडीएम थुनाग सुरेंद्र मोहन और नायब तहसीलदार थुनाग कृष्ण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और सरकार की तरफ से मृतकों के परिवारों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की।