सुंदरनगर(मंडी)। पीओ सैल मंडी ने ऊना से अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी को धर दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसे सुंदरनगर पुलिस थाना के हवाले कर दिया है। जहां से उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजीव कुमार धीमान पुत्र प्रेम चंद निवासी धमरोल तहसील भोरंज के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में वर्ष 2008 में प्राथमिकी दर्ज थी। जब आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया तो वह बार-बार पेशियों के दौरान गैर हाजिर रहा। जिस पर उसे न्यायिक दंडाधिकारी कोर्ट नंबर-2 सुंदरनगर की अदालत ने 17 जुलाई 2018 को उद्घोषित करार दे दिया था। जिसके बाद से ही उसकी तलाश जारी थी। मंगलवार को मंडी पुलिस के पीओ सैल ने जिसमें एएसआई ओम प्रकाश, एचएससी महेंद्र सैनी व जीत राम और एलएचसी दिनेश चौधरी शामिल थे। उन्होंने राजीव कुमार धीमान को ऊना में उसके एक ठिकाने से धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा ने उद्घोषित अपराधी को धर दबोचने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।