नेरचौक (मंडी)। बल्ह क्षेत्र की छम्यार पंचायत में शातिरों ने सोमवार रात एक घर का ताला तोड़ कर दो हजार की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आभूषणों की कीमत 30 हजार के लगभग आंकी जा रही है। जानकारी के मुताबिक प्रेमलाल पुत्र सरदारो राम निवासी छम्यार पंचायत ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह सोमवार को अपने परिवार सहित दूसरे घर में थे। जब वह मंगलवार को गांव पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ था। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो अलमारी से सोने चांदी के गहने और 2000 की नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना बल्ह थाना को दी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्र किए। एसपी मंडी अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है।