गोहर (मंडी)। जाली करेंसी मामले में गोहर पुलिस ने दिल्ली में दबिश दे दी है। नकली नोटों का गोरखधंधा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने दिल्ली से गुड़गांव तक अपना जाल बिछा दिया है। वीरवार को पुलिस ने राजधानी की अनेक गलियों में दबिश दी। लेकिन, नकली नोटों के दलालों का पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। मंडी पुलिस ने जाली करेंसी मामले में संलिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए मलाणा में भी दबिश देने का अभियान जारी रखा है। पुलिस को जानकारी मिली है कि दिल्ली और गुड़गांव में जाली करेंसी मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी छिपे हुए हैं। जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस गुप्त छापामारी कर रही है। अभी तक पुलिस के हत्थे लाल सिंह और देवा चढ़े हैं। देवा ने पुलिस पूछताछ में मलाणा के एक अन्य व्यक्ति का नाम उजागर किया है। जो भूमिगत हो गया है। चरस के बदले मलाणा के देवा को जिन लोगों ने नकली करेंसी हाथ में थमाई है, उनका सुराग पुलिस को ज्ञात हो गया है। जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस ने दिल्ली और गुड़गांव में दबिश दे दी है। एसएचओ गोहर मनोज कुमार वालिया ने बताया कि पुलिस जल्द जाली करेंसी के आरोपियों को हिरासत में लेगी।